चतरा :- झारखंड के चतरा जिले में अफीम की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 500 ग्राम पोस्ता बीज भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों पर वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता की खेती करने का आरोप है।
यह कार्रवाई लावालौंग थाना क्षेत्र के साम्भे गांव के पिपराडीह टोला में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश गंझु उर्फ महेंद्र गंझु और केश्वर गंझु के रूप में हुई है। दोनों इसी गांव के निवासी बताए गए हैं।
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपराडीह इलाके में वन भूमि की कटाई कर अवैध रूप से पोस्ता की खेती की जा रही है।
सूचना मिलने के बाद सिमरिया के प्रभारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन सिंह समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने बुचुआ नाला के किनारे करीब 10 डिसमिल वन भूमि पर छापेमारी की। इस दौरान कथित तौर पर जमीन की जुताई कर पोस्ता की बुआई करा रहे दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वहां से 500 ग्राम पोस्ता बीज भी बरामद किया।
एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि जिले में अफीम की अवैध खेती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन भूमि पर अतिक्रमण कर नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट और वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
लोकतंत्र भारत | चतरा


