
रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकेयाटांड़ में उनकी प्रतिमा का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां रूपी सोरेन के साथ प्रतिमा का अनावरण किया और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि एक पुत्र की ओर से अपने पिता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का संघर्ष, आदिवासी समाज और झारखंड के लोगों के अधिकारों के लिए किया गया उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

