रांची: झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह के नाम पर छात्रों से 2,100 रुपये शुल्क लिए जाने का विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को आजसू छात्र संघ और विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन को देखते हुए रांची जिला प्रशासन और पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी। छात्रों का कहना है कि पहले दीक्षांत समारोह के लिए 300 से 600 रुपये तक शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब अचानक इसे बढ़ाकर 2,100 रुपये कर दिया गया है।
छात्रों ने यह भी कहा कि सीएलसी और माइग्रेशन के लिए पहले ही 900 रुपये शुल्क लिया जा रहा है। ऐसे में दीक्षांत समारोह के लिए 2,100 रुपये की अतिरिक्त राशि तय करना विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला फैसला है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शुल्क पर पुनर्विचार करने और छात्रों के हित में उचित निर्णय लेने की मांग की है।


