रांची:– प्याज की बढ़ती खुदरा कीमतों से आम लोगों को राहत देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) ने रांची में रियायती दर पर प्याज की बिक्री शुरू कर दी है। बफर स्टॉक का प्याज उपभोक्ताओं को 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस बाजार हस्तक्षेप का उद्देश्य स्थानीय बाजार में प्याज की कीमतों को नियंत्रित करना और उपभोक्ताओं को सीधे किफायती दर पर प्याज उपलब्ध कराना है।
इन इलाकों में पहुंचेगी मोबाइल वैन
NCCF ने रांची में प्याज की बिक्री के लिए विशेष मोबाइल वैन तैनात की हैं। ये वैन राजधानी के प्रमुख आवागमन वाले स्थानों, आवासीय क्षेत्रों और बाजारों में पहुंचेंगी।
मोबाइल वैन के जरिए मोराबादी, पहाड़ी मंदिर, बिड़ला मैदान, बिरसा चौक, हटिया, सेक्टर-2 धुर्वा, पिस्का मोड़, अरगोड़ा चौक, हरमू बाजार और इंदिरा नगर समेत विभिन्न इलाकों में रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जाएगा।
दूसरे जिलों में भी होगा विस्तार
रांची में अभियान की शुरुआत के बाद NCCF आने वाले दिनों में झारखंड के अन्य जिलों में भी मोबाइल वैन के नेटवर्क का विस्तार करने की योजना बना रहा है। इससे ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं को बाजार की तुलना में कम कीमत पर प्याज उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सोशल मीडिया पर मिलेगी वैन की जानकारी
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मोबाइल वैन की दैनिक लोकेशन, रूट और ठहराव से संबंधित जानकारी NCCF के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की जाएगी। इससे लोग अपने आसपास पहुंचने वाली मोबाइल वैन की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच NCCF की यह पहल आम उपभोक्ताओं के लिए राहत देने वाली मानी जा रही है। अब इस बाजार हस्तक्षेप का असर स्थानीय खुदरा बाजार की कीमतों पर कितना पड़ता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।


