रांची। आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को विभिन्न पूजा समितियों के साथ बैठक की। समाहरणालय परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की।
बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक, बिजली, स्वच्छता, अग्निशमन, पार्किंग, विसर्जन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। पूजा समितियों ने भी अपनी समस्याएं और जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए।
एक दिन विसर्जन कराने पर जोर जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाकर एक ही दिन प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर सहमति बनाने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि समितियां आपस में बैठक कर सहमति बनाएं और इसकी जानकारी प्रशासन को दें। विसर्जन की व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा, ट्रैफिक और विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखकर की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि रांची में पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की परंपरा रही है। इसे आगे भी बनाए रखने के लिए प्रशासन, पूजा समितियों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा।
पंडाल और बिजली सुरक्षा को लेकर निर्देश
प्रशासन ने पूजा समितियों को पंडाल निर्माण से लेकर विसर्जन तक सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। पंडाल में श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह और आपात स्थिति में बाहर निकलने के सुरक्षित रास्ते रखने को कहा गया।
बिजली सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या अन्य विद्युत संरचनाओं से सटाकर पंडाल और तोरण द्वार नहीं बनाने को कहा गया। पूजा समितियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बिजली कनेक्शन और स्वीकृत लोड लेने तथा खुले या नंगे तारों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया।
युवाओं और महिलाओं को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने की अपील
उपायुक्त ने पूजा समितियों से अधिक से अधिक युवाओं को आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने की अपील की। सक्रिय युवाओं को उनके सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की बात भी कही गई।
प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए बनाए गए व्हाट्सऐप ग्रुप में महिलाओं समेत अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने और जरूरी सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने का निर्देश दिया गया।
CCTV और भीड़ प्रबंधन पर भी जोर
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक नगर ने पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। भीड़ प्रबंधन के दौरान समिति के अधिकृत सदस्यों की पहचान सुनिश्चित करने को भी कहा गया।वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने आपात स्थिति में पूजा पंडालों तक पहुंचने का रास्ता सुगम रखने और भीड़ वाले स्थानों पर जरूरी बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। विज्ञापन के लिए तोरण द्वार नहीं लगाने और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करने को भी कहा गया।
बैठक में नगर निगम, बिजली विभाग, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने पूजा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जानकारी दी। पूजा समितियों की ओर से रखी गई समस्याओं और सुझावों पर संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।


