रांची: शहर में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने कदम उठाया है। नगर निगम के इंजीनियरिंग सेक्शन ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 12 नए सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के लिए ई-टेंडर जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, इन शौचालयों का निर्माण निगम के विभिन्न वार्डों में किया जाएगा। प्रत्येक शौचालय के निर्माण की अनुमानित लागत करीब 28.12 लाख रुपये निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 90 दिनों की समय-सीमा तय की गई है।
नगर निगम ने इसके लिए वार्ड संख्या 11, 30, 33, 38, 42, 43 और 44 में कुल 12 स्थानों का चयन किया है। चयनित स्थानों पर जरूरत के अनुसार कुछ शौचालय पब्लिक टॉयलेट (PT) और कुछ कम्युनिटी टॉयलेट के रूप में बनाए जाएंगे।
नगर निगम के इस कदम से शहर के सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय की सुविधा बढ़ने की उम्मीद है। खासकर बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक गतिविधियों वाले क्षेत्रों में लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।


