रांची: झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से 21 से 25 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
21 सितंबर
राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।
22 सितंबर
राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। रांची समेत कई जिलों में दिन में एक से अधिक बार बारिश हो सकती है।
23 सितंबर को भारी बारिश की संभावना
23 सितंबर को बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
24 सितंबर
बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तर-पूर्वी जिलों और धनबाद से सटे मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वज्रपात और तेज हवा को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
25 सितंबर
राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
तापमान में भी गिरावट
मौसम में बदलाव के चलते झारखंड के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।


