रांची:- एचआईवी/एड्स और यौन संचारित संक्रमणों को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल, रांची में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (JSACS) के सहयोग से जागरूकता रैली और कैंडल मार्च निकाला गया।
कार्यक्रम में डॉ. तवा रिजीवी, डॉ. सोहन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, एड्स कंट्रोल सोसाइटी से कंचन और नवीन समेत एएनएमटीसी की छात्राएं और स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए।
रैली के दौरान लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उपचार के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति भेदभाव खत्म करने का संदेश भी दिया गया। जागरूकता पोस्टरों के माध्यम से लोगों को बताया गया कि एचआईवी की सही जानकारी और समय पर जांच बेहद जरूरी है।
110 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
कार्यक्रम के तहत सदर अस्पताल के ICTC केंद्र की ओर से स्वास्थ्यकर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में कुल 110 लोगों की जांच की गई। जांच में एचआईवी का कोई रिएक्टिव मामला नहीं मिला, जबकि सिफलिस का एक पॉजिटिव मामला सामने आया।
संबंधित व्यक्ति को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और आगे की जांच एवं उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन किया गया।
स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से अपील की कि एचआईवी या किसी भी यौन संचारित संक्रमण को लेकर भ्रम और झिझक न रखें। जरूरत पड़ने पर नजदीकी ICTC केंद्र में गोपनीय जांच और परामर्श की सुविधा का लाभ लिया जा सकता है।


