रांची: झारखंड के आर्थिक विकास और भविष्य की योजनाओं को लेकर मंगलवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, शिक्षाविदों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मौजूद रहे। वहीं कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की सहित कई नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। अतिथियों का स्वागत झारखंड की पारंपरिक नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इसके बाद झारखंड की आर्थिक संभावनाओं, विकास की चुनौतियों और भविष्य की नीतियों पर पैनल चर्चा हुई।
पेशेवरों की भागीदारी से बनेगा नया झारखंड: मधु यास्की गौड़
प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने कहा कि देश के निर्माण में डॉक्टरों, वकीलों, इंजीनियरों और दूसरे पेशेवर लोगों की अहम भूमिका रही है। आज भी देश के विकास और निर्माण में पेशेवरों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया गया है और अब लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि झारखंड जल, जंगल और जमीन के साथ-साथ मानव संसाधन से भी समृद्ध है। राज्य के विकास के लिए पेशेवर लोगों के सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम जैसे विषयों पर भी काम करने की बात कही। उन्होंने जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर पेशेवरों का अलग पैनल बनाने की बात भी कही।
अगले दो साल तक पेशेवरों से होगा संवाद: के. राजू
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस का उद्देश्य ऐसे लोगों को एक मंच पर लाना है, जो समाज में बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पेशेवरों की जरूरत है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए काम करना चाहते हैं।
उन्होंने आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह संवाद केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। अगले दो वर्षों में अलग-अलग विषयों पर पेशेवरों के साथ चर्चा की जाएगी। उनके अनुभव और सुझावों के आधार पर झारखंड के विकास का विजन तैयार करने का प्रयास होगा। लक्ष्य ऐसा राज्य बनाना है, जहां हर परिवार को अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और विकास के समान अवसर मिलें।
झारखंड के युवाओं को राज्य में ही मिले रोजगार: आदित्य विक्रम जायसवाल
कार्यक्रम के आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा, अवसर और संसाधनों की कमी नहीं है, बल्कि सही मार्गदर्शन और बेहतर नीतियों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बुद्धिजीवियों और अर्थशास्त्रियों के साथ मिलकर ऐसी नीतियां तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े।
उन्होंने औद्योगिक विकास, युवाओं के रोजगार और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल चर्चा करना नहीं, बल्कि अच्छे सुझावों को नीतियों में शामिल कराने की दिशा में काम करना है।
शिल्पी नेहा तिर्की ने बताई प्रोफेशनल्स कांग्रेस की भूमिका
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का गठन वर्ष 2017 में हुआ था। इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों के पेशेवर लोगों को एक मंच पर लाना है, ताकि वे स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े अपने अनुभव और सुझाव सरकार के साथ साझा कर सकें। उन्होंने नीति निर्माण में पेशेवरों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं लेखक और स्तंभकार सुवीर सरन ने कहा कि देश के विकास के लिए दूरदर्शी सोच रखने वाले लोगों की जरूरत है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल पेशेवरों की सोच और उनके विचारों की सराहना करते हुए कहा कि भारत के युवाओं को सशक्त बनाने की क्षमता आज भी देश के लोगों में मौजूद है।
कई पेशेवरों ने रखे अपने सुझाव
कार्यक्रम में तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय कुमार, विकास रंजन सहाय, शंभुनाथ चौधरी, उत्कर्ष मिश्रा, जोगेश गंभीर, सुनील कुमार मेहता, आदर्श राज, सिमरन, प्रभात अग्रवाल और अपर्णा गुप्ता सहित कई लोगों ने अपने सुझाव रखे।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सीए भुवनेश ठाकुर, प्रभात अग्रवाल, रुद्र शुक्ला, मनीष जैन, इशिका, करिश्मा कुमारी, सिमरन कौर, अफसर इमाम, गौरव, सरवर पॉल, विकास आदित्य, अनिल सिंह और हिमांशु सहित अन्य लोगों की भूमिका रही।
कार्यक्रम में झारखंड के आर्थिक विकास, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और राज्य की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए पेशेवरों की भागीदारी पर जोर दिया गया।


