चतरा: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चतरा जिले के घोरीघाट में पुलिस की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। यहां घोरीघाट पिकेट प्रभारी मोहन तिर्की ने अपनी पुलिस टीम के साथ बाजार क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने खुद सड़क पर उतरकर श्रमदान किया।
छठ पर्व के दौरान बाजार में व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से पिकेट प्रभारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
इस सफाई अभियान में सूबेदार बालेश्वर उरांव, हवलदार देगलाल राम, मुकेश कुमार सिंह, अमरेश कुमार, रमेश कुमार, अरुण कुमार, अविनाश कुमार और चौकीदार सौरभ कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं, स्थानीय लोगों में सुरेंद्र कुमार यादव और संतोष कुमार पासवान ने भी सहयोग किया।
पुलिसकर्मियों को खुद सफाई करते देखकर स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि पुलिस की ऐसी पहल से पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास और सहयोग बढ़ता है।
छठ जैसे लोक आस्था के पर्व पर घोरीघाट पुलिस की इस पहल ने स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया है। क्षेत्र में पुलिस टीम के इस प्रयास की चर्चा हो रही है।


