JTET-2026: अभ्यर्थियों की समस्याओं को लेकर मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से मिला संघ, CM हेमंत सोरेन ने जल्द मुलाकात का दिया आश्वासन

Date:

रांची: झारखंड में करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद आयोजित JTET-2026 परीक्षा में सामने आई विभिन्न समस्याओं को लेकर अभ्यर्थियों ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बीते दिन और आज राज्य के कई मंत्रियों और झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

 

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री हाफिजुल हसन, दीपक बिरुवा, योगेंद्र प्रसाद महतो, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को अभ्यर्थियों की समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही सरकार और झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) से मामले में उचित पहल करने की मांग की।

 

5.65 लाख अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन

 

गौरतलब है कि JTET-2026 परीक्षा 1 नवंबर 2026 को राज्य के 986 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 5,65,916 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 4,85,243 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। लंबे समय बाद आयोजित इस परीक्षा में कुछ तकनीकी और मानवीय गलतियों के कारण अभ्यर्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

OMR शीट, एडमिट कार्ड और आवेदन फॉर्म में त्रुटियों का मामला

 

संघ ने मुख्य रूप से तीन समस्याओं को उठाया है। पहली समस्या OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) नहीं भर पाने से जुड़ी है। अभ्यर्थियों को आशंका है कि इसका असर उनके मूल्यांकन और परिणाम पर पड़ सकता है।

 

इसके अलावा कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में शिक्षक श्रेणी, व्यक्तिगत जानकारी और अन्य विवरणों में गलतियां पाई गई हैं। ऑनलाइन आवेदन के दौरान भी व्यक्तिगत जानकारी और शिक्षक श्रेणी से संबंधित तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं।

 

संघ ने मांग की है कि इन सभी मामलों की जांच कर उचित समाधान निकाला जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित न हो।

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जल्द मिलने का दिया आश्वासन

 

संघ के अनुसार, कैबिनेट की बैठक के दौरान मंत्री हाफिजुल हसन, योगेंद्र प्रसाद महतो और दीपिका पांडेय सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सामने JTET अभ्यर्थियों की समस्याओं को रखा था। मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

 

इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल से जल्द मुलाकात करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है। संघ को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में अभ्यर्थियों की समस्याओं पर चर्चा होगी और समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

 

अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग

 

झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ का कहना है कि करीब 10 साल बाद आयोजित हुई JTET परीक्षा लाखों प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी है। ऐसे में परीक्षा के दौरान हुई तकनीकी या मानवीय गलतियों का खामियाजा अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना चाहिए।

 

संघ ने मुख्यमंत्री, शिक्षा विभाग और JAC से मांग की है कि OMR बुकलेट सीरीज से जुड़ी समस्या का उचित विकल्प निकाला जाए। साथ ही एडमिट कार्ड और आवेदन फॉर्म में हुई गलतियों को सुधारने के लिए प्रभावित अभ्यर्थियों को उचित अवसर दिया जाए।

 

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के अलावा राम कुमार मोदी, सुष्मिता मुर्मू, बबीता कुमारी, संतोष कुमार महतो, सूरज कुमार, सुरेश कुमार यादव, श्याम कुमार, दीपक कुमार, जितेंद्र कुमार, पूर्णिमा कुमारी, शुभम कुमार, संगीता कुमारी, पवन कुमार, राजेश रंजन, सरस्वती दास, रिंकी कुमारी, सपना कुमारी, खुशी महली, कुमकुम कुमारी सहित अन्य सदस्य और सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related