रांची। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गुरुवार, 3 सितंबर को रातू रोड के बिरला मैदान में भव्य कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। पूरे मैदान में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम का आयोजन समिति के अध्यक्ष उत्तम यादव और मुख्य संरक्षक मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में किया गया। मटका फोड़ प्रतियोगिता में कई टीमों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इनमें शिव शक्ति जन कल्याण मांडर, शिव शक्ति क्लब मालती मांडर, श्री राम सेना बिरसा मैदान, श्री राम सेवा समिति मांडर, बजरंग दल मालती मांडर और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा की टीमें शामिल रहीं।
महिला टीमों ने भी लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में महिला टीमों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राधा रानी मांडर और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा की महिला टीमों ने मटका फोड़ प्रतियोगिता में भाग लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
कानपुर की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कानपुर से आई स्काई इवेंट ग्रुप की झांकी टीम ने धार्मिक और पौराणिक झांकियों की प्रस्तुति दी। राकेश सोनी के नेतृत्व में कलाकारों ने भगवान गणेश, राधा-कृष्ण, सुदामा, विष्णु अवतार, मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूप, शिव-पार्वती, महाकाल तांडव और नरसिंह अवतार की झांकियां प्रस्तुत कीं।
राधा-कृष्ण के रूप में बच्चों की प्रस्तुति भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। झांकियों और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा कार्यक्रम भक्तिमय माहौल में बदल गया।
आयोजन के दौरान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की भक्ति, संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिली। हजारों लोगों की मौजूदगी और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी टीमों, कलाकारों, श्रद्धालुओं, दर्शकों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार जताया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महामंत्री प्रेम प्रतीक बमबारी, विपुल मिश्रा, दिलीप गुप्ता, निशांत चौहान, रोहित यादव, शुभम, निखिल गुप्ता और प्रकाश सिन्हा समेत कई लोगों का योगदान रहा।
— उत्तम यादव
अध्यक्ष, कान्हा मटका फोड़ प्रतियोगिता समिति
बिरला मैदान, रातू रोड


