रांची: धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा शिव मंदिर परिसर में जनहित सेवा ट्रस्ट की ओर से 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। इस कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवक-युवतियों का पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उपहार भेंट किए।ट्रस्ट की अध्यक्ष रेणु देवी ने बताया कि संस्था पिछले 10 वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों और बेटों के विवाह में सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक ट्रस्ट करीब 4,000 शादियां करा चुका है और यह सेवा आगे भी जारी रहेगी।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र गिरी मौजूद रहे। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखी और सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग, समानता और मानव सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।इस अवसर पर राहुल सिंह, वार्ड पार्षद नीलम चौधरी, वसीम अकरम, संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नवदंपतियों को उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी और ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना की गई।


