रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित शालीमार बाजार मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक महिला से मोबाइल छीनने की कोशिश की गई। घटना उस समय हुई जब सड़क पर ट्रैफिक था और आसपास ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद थी।जानकारी के अनुसार, मोबाइल छीनने के बाद आरोपी की बाइक जाम में फंस गई। इसी दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अपना मोबाइल वापस छीन लिया। स्थिति बिगड़ती देख आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।घटनास्थल पर छोड़ी गई बाइक का नंबर JH 01FV 1310 बताया जा रहा है। बाइक पर आगे और पीछे सेलोटेप चिपका हुआ था, जिससे पुलिस को शक है कि वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी। वहीं, बाइक पर “Vivek Srivastav 828” नाम की एक इंस्टाग्राम आईडी भी लिखी हुई मिली है। पुलिस इस आधार पर भी जांच कर रही है।घटना की सूचना धुर्वा थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बाइक के मालिक और फरार आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।नोट: बाइक पर लिखे नाम या सोशल मीडिया आईडी के आधार पर किसी व्यक्ति को आरोपी मानना उचित नहीं है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।


