मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित नियुक्तियों में तेजी लाने, राजस्व बढ़ाने और अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए। इसके साथ ही विभाग में एएसआई समेत अन्य सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि विभागीय कार्यों में तेजी लाई जा सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने झारखंड स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) के कार्यक्षेत्र का विस्तार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से नई तकनीकों का उपयोग कर राजस्व बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभाग को आवश्यक नई नीतियां तैयार करने तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने विभागीय कार्यों को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से कई अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

