रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) भर्ती घोटाले की जांच में सीआईडी को लगातार नए सुराग मिल रहे हैं। जांच के दौरान सामने आया है कि इस मामले के मुख्य आरोपी अभय तिवारी ने वर्ष 2021 में रांची के स्टेशन रोड स्थित एक होटल को 11 महीने के लिए लीज पर लिया था। जांच एजेंसी को आशंका है कि इसी होटल का इस्तेमाल प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित सेटिंग, बैठकों और पूरे नेटवर्क को संचालित करने के लिए किया जाता था।
सीआईडी अब होटल की लीज अवधि के दौरान वहां आने-जाने वाले लोगों, होटल के रजिस्टर, बिल और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर सीआईडी ने टीडीपीएल से जुड़े मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद एबाद को गिरफ्तार किया है। वहीं शनिवार को जेपीएससी कर्मचारी सोनू कुमार और अभय तिवारी के सहयोगी अरविंद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों पर परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी और डेटा से छेड़छाड़ में भूमिका होने का आरोप है।
उधर, जेपीएससी की पूर्व उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, अभय तिवारी समेत पांच आरोपियों से सीआईडी लगातार रिमांड पर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है।
Date:

