
चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में झारखंड सरकार के जरेडा (JREDA) सौर ऊर्जा प्लांट से बैटरी और इन्वर्टर चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को सूचना मिली थी कि सिलदाग पंचायत के भंगिया गांव स्थित सोलर प्लांट से बैटरियां और इन्वर्टर चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान पुलिस को मंधनिया गांव निवासी अरमान खान के घर में चोरी से जुड़े सामान होने की जानकारी मिली।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने छापेमारी कर अरमान खान को गिरफ्तार किया। उसके घर से चोरी की गई 48 बैटरियों के कवर और एक सोलर इन्वर्टर बरामद किया गया। इसके बाद मामले में शामिल एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में लावालौंग थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदन कुमार, एसआई वर्षा किस्कू, थाना सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार शामिल रहे।

