रांची :- महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति के कार्यालय का उद्घाटन रविवार को बिहार क्लब, कचहरी रोड, रांची में राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ मांझी ने किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
समिति के आजीवन मुख्य संयोजक डॉ. अजीत सहाय ने चुन्नी ओढ़ाकर तथा अध्यक्ष रवींद्र वर्मा ने बुके देकर डॉ. महुआ मांझी का स्वागत किया। इसके बाद डॉ. सहाय ने समिति की गतिविधियों और दुर्गा पूजा की तैयारियों से सांसद को अवगत कराया।
विसर्जन शोभायात्रा को लेकर समितियों में सहमति
डॉ. अजीत सहाय ने बताया कि इस वर्ष विधि-विधान के विद्वान पंडितों की राय के अनुसार विसर्जन शोभायात्रा को लेकर निर्णय लिया गया है, जिस पर सभी पूजा समितियों ने सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि रांची में दुर्गा पूजा का अपना विशेष आकर्षण है और महानगर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस वर्ष भव्य पूजा आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।
महुआ मांझी ने दी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ मांझी ने रांचीवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रांची में दुर्गा पूजा महोत्सव का विशेष महत्व है। बंगाल के बाद रांची में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचकर उत्सव का आनंद लेते हैं।
उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से भी पूजा समितियों एवं आम लोगों को सहयोग मिलता है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों और मेले में आने-जाने में सुविधा होती है।
डॉ. मांझी ने कहा कि समय के साथ रांची में पूजा पंडालों का स्वरूप और भव्य हुआ है और लोग इनका आनंद लेते हैं।
नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान
डॉ. महुआ मांझी ने मां दुर्गा द्वारा बुराई पर विजय के संदेश का उल्लेख करते हुए लोगों से अच्छे मार्ग पर चलने और जनकल्याण की दिशा में काम करने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रवींद्र वर्मा ने की। संचालन महामंत्री संजय सिंह गोपू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजन वर्मा ने किया।
इस अवसर पर राजू लाल, जैनेंद्र प्रसाद, डॉ. उमेश कुमार, अमरनाथ साहू, राजूराम, संतोष सोनी, अमित अग्रवाल, गोबरा उरांव, विनोद सिंह, प्रोफेसर अरुण सिंह, अभिनव अंकू, आयुष सिन्हा, आलोक सिन्हा, सुधीर झा, जितेंद्र वर्मा, अमित वर्मा, अमित किशोर अग्रवाल, बबलू उरांव सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


