
रांची: 30 अगस्त 2026 को प्रस्तावित आदिवासी एकता महाजुटान रैली की तैयारियों को लेकर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के रांची स्थित आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए जनसंगठनों के पदाधिकारी और आदिवासी समाज के कई प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में रैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उपस्थित लोगों ने कहा कि परिसीमन के बाद यदि अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों में बढ़ोतरी की आवश्यकता बनती है, तो बढ़ी हुई सीटों के अनुपात में आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ाई जानी चाहिए।
बैठक में यह भी कहा गया कि परिसीमन का आदिवासी समाज पर किसी प्रकार का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। वक्ताओं ने आदिवासी समाज की एकता बनाए रखने, समाज के विभाजन को रोकने और भौगोलिक एकता को सुरक्षित रखने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
बैठक में सभी संगठनों से 30 अगस्त को होने वाली आदिवासी एकता महाजुटान रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। आयोजनकर्ताओं का कहना है कि रैली के माध्यम से आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाया जाएगा।

