रांची: राजधानी रांची के बरियातू–रिम्स रोड पर मंगलवार तड़के अवैध बालू कारोबार का एक और मामला सामने आया। सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच बालू से लदे कई ट्रकों के गुजरने के दौरान सड़क पर बड़ी मात्रा में बालू बिखर गया। बताया जा रहा है कि ट्रकों का डाला (बॉडी) खराब होने के कारण रास्ते भर बालू गिरता चला गया।
सड़क पर फैले बालू की वजह से सुबह आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद सड़क से बालू हटाने का काम शुरू किया गया ताकि यातायात सामान्य हो सके।
इस घटना के बाद शहर के बीचों-बीच बालू के परिवहन और प्रशासनिक निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात और तड़के सुबह बालू लदे ट्रकों की आवाजाही लगातार होती है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई होती नहीं दिख रही है।
लोगों ने प्रशासन से अवैध बालू कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने और ऐसे वाहनों की नियमित जांच की मांग की है, ताकि सड़क सुरक्षा के साथ-साथ नियमों का भी पालन सुनिश्चित किया जा सके।

