असम: असम के नागांव जिले में स्थित सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन के कटिमारी कैंप में मंगलवार को गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में तीन सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक जवान ने किसी कारणवश अपने दो साथियों पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हमलावर जवान ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामनवल सिंह यादव और विष्णु प्रसाद बघेल के रूप में हुई है। घायल जवान की पहचान माने गोविंद श्रीपुल के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, रामनवल सिंह यादव उस समय दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए पहुंचे थे, तभी उन पर गोली चला दी गई।
घटना के बाद कैंप में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। फिलहाल गोलीबारी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

