रांची: JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे छात्र-युवा आंदोलन के प्रमुख आंदोलनकारी देवेन्द्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 12वें दिन भी जारी है। फिलहाल वे रांची सदर अस्पताल में उपचाररत हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
लगातार भूख हड़ताल के कारण उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर समर्थकों में चिंता बनी हुई है। अस्पताल में इलाज के बावजूद देवेन्द्र नाथ महतो ने आंदोलन और अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही है।
मंदिरों में पूजा-अर्चना, देशभर में हो रही प्रार्थना
देवेन्द्र नाथ महतो के स्वास्थ्य को लेकर झारखंड समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में समर्थक चिंतित हैं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर कई धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की जा रही है।
दिवड़ी मंदिर, रजरप्पा मंदिर और बाबा बैद्यनाथ धाम समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर लोगों ने उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। वहीं, छात्र, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
समर्थकों का कहना है कि देवेन्द्र नाथ महतो छात्रों और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और इस संघर्ष में उनके साथ बड़ी संख्या में लोग खड़े हैं।


