रांची :- जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और जांच की मांग को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 26 दिनों से चल रहा छात्र आंदोलन बुधवार शाम समाप्त होगा। छात्रों ने शाम 4:30 बजे आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया है।
छात्र नेताओं के अनुसार, आंदोलन खत्म करने के साथ ही दो अनशनकारी छात्रों का अनशन भी समाप्त कराया जाएगा। इसके लिए पद्मश्री सम्मान से सम्मानित लोकगायक मुकुंद नायक को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उनके हाथों दोनों अनशनकारी छात्रों का अनशन तुड़वाया जाएगा।
आंदोलन समाप्त होने के बाद छात्रों की ओर से सरकार को अपनी बाकी मांगों पर कार्रवाई के लिए 60 दिनों का समय दिया जाएगा। छात्रों का कहना है कि तय समय में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
आंदोलन के समापन के मौके पर रांची में शाम को ‘आभार यात्रा’ भी निकाली जाएगी। छात्रों ने सरकार की ओर से लिए गए फैसलों को आंदोलन की बड़ी उपलब्धि बताया है, हालांकि उनका कहना है कि उनकी सभी मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं ।


