रांची। नेपाल के अपर त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे रांची निवासी रामप्रसाद घोष से पिछले दो दिनों से उनके परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। लगातार फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करने के प्रयास के बावजूद परिवार को उनकी स्थिति और लोकेशन की अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।
परिवार के मुताबिक, आपदा के बाद से रामप्रसाद घोष से संपर्क टूट गया है। उनके पिता पिछले दो दिनों से लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन किसी भी माध्यम से बात नहीं हो पा रही है। इससे परिवार की चिंता बढ़ गई है।
परिजनों का कहना है कि उन्हें अभी तक यह स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है कि रामप्रसाद घोष सुरक्षित हैं या नहीं और इस समय वह कहां हैं। परिवार अपने स्तर से लगातार जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा है।
झारखंड सरकार से मदद की अपील
रामप्रसाद के परिवार ने मीडिया के माध्यम से झारखंड सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। परिजनों की मांग है कि राज्य सरकार नेपाल प्रशासन, भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर रामप्रसाद घोष की स्थिति और लोकेशन की जानकारी प्राप्त करने में मदद करे।
परिवार का कहना है कि सरकार की ओर से जल्द पहल होने पर रामप्रसाद के बारे में सही जानकारी मिल सकती है और परिजनों की चिंता दूर हो सकेगी।
फिलहाल परिवार रामप्रसाद घोष की सुरक्षित वापसी और उनकी कुशलता की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है।


