चतरा: सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चतरा-गया मुख्य मार्ग स्थित लरकुआ मोड़ के पास से 2.05 किलो अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के कोलकोले गांव निवासी 19 वर्षीय पवन कुमार यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि युवक अफीम लेकर पंजाब जाने की तैयारी में है। इसके बाद एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से दो पैकेट में 2.05 किलोग्राम अफीम और 3,150 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सदर थाना कांड संख्या 362/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


