रांची: रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए रांची के होटवार जेल के बाहर बहनों की भारी भीड़ देखने को मिली। शहर के अलग-अलग इलाकों से महिलाएं और बहनें राखी लेकर जेल पहुंचीं।
हाथों में राखी और भाई से मिलने की उम्मीद के साथ बहनें अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। जेल में बंद भाइयों की कलाई पर राखी बांधने और उनसे मुलाकात करने के लिए सुबह से ही जेल के बाहर भीड़ जुटने लगी।
रक्षाबंधन को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से बहनों की मुलाकात और राखी बांधने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया।
भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते के त्योहार पर जेल के बाहर भावुक माहौल देखने को मिला।


