पलामू: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महूरांव में छापेमारी कर 440 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि महूरांव में गांजे की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है और इसे जल्द ही बिहार भेजने की तैयारी है। सूचना के आधार पर छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की और मौके से गांजा बरामद कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने महूरांव निवासी जमशेद आलम और अली रजा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा से लाया गया था और इसकी डिलीवरी बिहार में की जानी थी।
पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस तस्करी से जुड़े लोगों पर नजर रख रही है।
छापेमारी टीम में छतरपुर इंस्पेक्टर द्वारिका राम, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार समेत पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।


