रांची: राजधानी रांची में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति के सानिध्य में 4 और 5 सितंबर को मेन रोड स्थित अल्बर्ट एक्का चौक पर दो दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित होगा।
रविवार को आयोजन स्थल पर दही हांडी लगाई गई। समिति के मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, संरक्षक अजय मारू, अध्यक्ष मुकेश काबरा समेत समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी में दही हांडी को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाकर लगाया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक मंच के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया गया।
समिति के अनुसार, यह 16वां नमो दही हांडी जन्माष्टमी उत्सव है। पूरे आयोजन स्थल को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा।
4 सितंबर को बाल गोपाल और झांकी प्रतियोगिता
महोत्सव के पहले दिन 4 सितंबर को शाम 3 बजे श्रीकृष्ण के बाल रूप की झांकी का उद्घाटन होगा। इसके साथ ही बाल गोपाल और झांकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चे और बच्चियां श्रीकृष्ण के अलग-अलग रूपों में हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा।
5 सितंबर को दही हांडी और सांस्कृतिक कार्यक्रम
5 सितंबर को शाम 3 बजे नमो दही हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और नृत्य-नाट्य कार्यक्रम आयोजित होगा। समिति के मुताबिक, दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे।
कार्यक्रम में मुंबई से 40 से अधिक कलाकारों की टीम सांस्कृतिक प्रस्तुति देगी। वहीं वृंदावन और मथुरा की टीम द्वारा श्रीकृष्ण की रासलीला और झांकियों की प्रस्तुति भी की जाएगी।
पुरुष और महिला गोविंदा टीमों के लिए अलग पुरस्कार
दही हांडी प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों गोविंदा टीम हिस्सा ले सकेंगी। महिलाओं के लिए दही हांडी की ऊंचाई 20 फीट और पुरुषों के लिए 25 फीट रखी गई है।
पुरुष टीम प्रथम पुरस्कार: ₹71,000
पुरुष टीम द्वितीय पुरस्कार: ₹41,000
महिला टीम प्रथम पुरस्कार: ₹51,000
महिला टीम द्वितीय पुरस्कार: ₹31,000
प्रतियोगिता में 18 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष और महिलाएं ही हिस्सा ले सकेंगे। एक से अधिक टीमों द्वारा हांडी फोड़ने की स्थिति में कम समय में हांडी फोड़ने वाली टीम को विजेता माना जाएगा।
समिति ने बताया कि आयोजन स्थल को वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने की थीम पर सजाया जाएगा और कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम से होगी।
गोविंदा टीम और बाल गोपाल झांकी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 3 सितंबर से पहले रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया है। समिति ने लोगों से परिवार और मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।


