रांची: JPSC और JSSC की नियुक्ति प्रक्रिया में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ चल रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा 10 सितंबर को राजधानी रांची पहुंचेगी। यात्रा के अंतिम चरण को लेकर मंगलवार को मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
बताया गया कि 11 सितंबर को मोरहाबादी मैदान में राज्यभर से छात्र और समर्थक जुटेंगे। इसके बाद मोरहाबादी मैदान से भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल, कोकर स्थित डिस्लरी पुल तक भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी।
समाधि स्थल पहुंचने के बाद भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और इसके साथ ही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का विधिवत समापन होगा।
प्रेस वार्ता में राम अवतार महतो ने बताया कि देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य राज्य के अलग-अलग जिलों में छात्रों और अभ्यर्थियों की समस्याओं को समझना और उनके सुझावों को जुटाना था। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान भर्ती व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और छात्रों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों और अभ्यर्थियों की आवाज सरकार तक पहुंचाने का अभियान है।
प्रेस वार्ता में रामअवतार महतो, दीनबंधु मंडल, लकी रामु राज, चंदन रजक और राजीव कुमार तुलसी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


