रांची, 13 सितंबर 2026: JPSC-JSSC-CGL अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में आजसू पार्टी रांची जिला कमेटी ने रविवार को अल्बर्ट एक्का चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आजसू पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के निर्देश पर किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व रांची जिला अध्यक्ष संजय कुमार महतो ने किया।
‘लाठी और दमन से छात्रों की आवाज नहीं दबेगी’
आजसू पार्टी ने कहा कि JPSC-JSSC-CGL अभ्यर्थियों का आंदोलन केवल कुछ छात्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह झारखंड के युवाओं के रोजगार, अधिकार और भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि “छात्रों की आवाज को लाठी और दमन के दम पर दबाया नहीं जा सकता।” आजसू ने सरकार से युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की।
पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग
आजसू पार्टी ने मांग की कि अभ्यर्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि कार्रवाई में पुलिसकर्मियों की गलती सामने आती है तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
पार्टी ने कहा कि झारखंड के युवाओं के अधिकार और रोजगार के सवाल पर आजसू पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में रांची जिला कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी, केंद्रीय मीडिया प्रभारी परवाज़ खान, कुमुद वर्मा, केंद्रीय महासचिव पार्वती देवी, रूपलाल महतो, जिला प्रवक्ता सूरज मिश्रा, मदन महतो, कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन लाल सहदेव, मनोज महतो और आनंद महतो समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, छात्र आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष बबलू महतो, ऋतुराज शाहदेव, अमन साहू, सक्षम झा, राज दुबे, राधिका साहू, रूपम, चेतन प्रकाश, अजीत कुमार, अमित यादव और प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।


