रांची: JPSC-JSSC में निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे देवेंद्र नाथ महतो को पांच दिन बाद सदर अस्पताल से छुट्टी मिल गई। स्वास्थ्य में कमजोरी के बाद उन्हें 13 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय निगरानी और उपचार के बाद 17 सितंबर को उन्हें डिस्चार्ज किया गया।
अस्पताल से बाहर आने के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि अभी भी उनके शरीर में काफी कमजोरी है। डॉक्टरों ने उन्हें नियमित उपचार, पर्याप्त आराम और संतुलित खान-पान का पालन करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल वह हल्का भोजन ले रहे हैं और खान-पान को लेकर विशेष सावधानी बरत रहे हैं।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि लंबे समय से छात्रों, अभ्यर्थियों और झारखंड के युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष करते-करते उनका शरीर थक चुका है। उन्होंने कहा कि बीमारी और कमजोरी के बावजूद छात्रों के भविष्य और उनके अधिकार की लड़ाई कमजोर नहीं पड़नी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों का संघर्ष लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहना चाहिए। स्वास्थ्य संबंधी चिकित्सकीय सलाह का पालन करते हुए वह आगे की रणनीति पर आवश्यक कदम उठाएंगे।
उन्होंने अपने स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना, दुआ और शुभकामनाएं देने वाले छात्रों, अभ्यर्थियों, युवाओं और सभी शुभचिंतकों का आभार जताया।


