जामताड़ा में संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय बैठक, नवंबर में होगा प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
जामताड़ा :- आजसू पार्टी ने संथाल परगना क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने जामताड़ा परिसदन में संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय बैठक की। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी समेत संथाल परगना के विभिन्न जिलों के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान का विस्तार करने, युवा संगठन को सक्रिय बनाने और आम लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों में जल्द सम्मेलन आयोजित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर जोर दिया।
27 प्रखंड प्रभारियों की घोषणा
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए 27 प्रखंड प्रभारियों की घोषणा की गई। इनमें संजीव महतो, बसंत राय, सुरेश चंद्र महतो, मनोज मरांडी, अजय कुमार, राजा साहनी, जितेंद्र चौधरी, ध्रुव शाह, राजेश महतो, अरुण कुमार, दीपक मंडल, रविंद्र नाथ महतो (पिंटू), अशोक सिंह, बासुदेव गोस्वामी, श्यामल वाद्यकर, पुरुषोत्तम ठाकुर, राजकुमार बाउरी, आदर्श लक्ष्य, आलोक जॉय पॉल, आलमगीर आलम, मो. अख्तर, मोफीज, संजय कुमार, सुजीत मुर्मू, सचिन कुशवाहा, चतुरानंद पांडे और केदार महतो शामिल हैं।
सुदेश महतो ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों को बधाई दी और उन्हें अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने को कहा। उन्होंने संगठन विस्तार, जनसंपर्क और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
नवंबर में होगा संथाल परगना कार्यकर्ता सम्मेलन
बैठक में नवंबर महीने में प्रस्तावित संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया गया। पार्टी का लक्ष्य संथाल परगना क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करना है।


