रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर निशाना साधा है। उन्होंने इस पदयात्रा को लोकतंत्र की रक्षा का प्रयास मानने के बजाय राजनीतिक फोटोशूट बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र बचाने की बात करने से पहले चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि अगर भाजपा वास्तव में लोकतंत्र की रक्षा करना चाहती है, तो उसे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और चुनाव आयोग की जवाबदेही जैसे मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मतदाताओं के अधिकार और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे समय में भाजपा की पदयात्रा केवल राजनीतिक दिखावा है।
भाजपा के राजनीतिक आचरण पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर दोहरे राजनीतिक रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने दुष्यंत कुमार और हरदीप पुरी का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा एक तरफ लोकतंत्र और संवैधानिक मर्यादाओं की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ अपने राजनीतिक आचरण पर सवालों का जवाब नहीं देती।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल नारे लगाने या पदयात्रा निकालने से मजबूत नहीं होता। इसके लिए जनता के मताधिकार, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस
केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि चुनाव आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है?
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र फोटो खिंचवाने से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने से मजबूत होता है। जनता को केवल नारे नहीं, बल्कि अपने सवालों के जवाब चाहिए।


