रांची: पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के समर्थन में अब कांग्रेस पार्टी खुलकर सामने आ गई है। उनके सरकारी आवास को सील किए जाने के बाद बाहर लगाए गए टेंट में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पहुंचे।
दोनों नेताओं ने टेंट में अंबा प्रसाद से मुलाकात की और उनके प्रति पार्टी का समर्थन जाहिर किया। इस दौरान टेंट में कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा।
खास बात यह रही कि आवास के बाहर लगे टेंट में ही राजनीतिक चर्चा के साथ नाश्ते का दौर भी चला। कांग्रेस नेताओं ने वहीं बैठकर लिट्टी-चोखा का नाश्ता किया।
अंबा प्रसाद के समर्थन में प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने को कांग्रेस की ओर से एकजुटता दिखाने के तौर पर देखा जा रहा है। सरकारी आवास खाली कराने के बाद शुरू हुआ यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।


