चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट, मंत्री इरफान अंसारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Date:

रांची:- बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के संभावित असर को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट हो गई है। गुरुवार को राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक समीक्षा बैठक की। बैठक में भारी बारिश की आशंका, किसानों की फसल की सुरक्षा और आम लोगों को संभावित नुकसान से बचाने की तैयारियों पर चर्चा हुई।

 

मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्त (DC), सिविल सर्जन, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी और कृषि विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

75 प्रतिशत धान की फसल अभी खेतों में

 

बैठक में किसानों की फसल को लेकर विशेष चिंता जताई गई। मंत्री ने बताया कि झारखंड में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में भारी बारिश होने पर किसानों को नुकसान हो सकता है।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश से फसल खराब होने की स्थिति में पंचायत और प्रखंड स्तर पर तुरंत सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग और जिला प्रशासन मिलकर नुकसान का आकलन करें, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी नियमों के अनुसार राहत और मुआवजा दिया जा सके।

 

110 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है हवा

 

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के 20 नवंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकराने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं, हवा के तेज झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

 

इस तूफान का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 20 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

 

निचले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष नजर

 

संभावित बारिश को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को जलजमाव, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों पर असर जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने को कहा।

 

उन्होंने संवेदनशील इलाकों की पहचान कर राहत और बचाव दल तैयार रखने का निर्देश दिया। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, पेयजल और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

 

अस्पतालों को भी तैयार रहने का निर्देश

 

मंत्री ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अस्पतालों में जरूरी दवाइयां, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश और जलजमाव के बाद कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को पहले से तैयार रहना होगा।

 

DC को लगातार निगरानी करने का निर्देश

 

डॉ. इरफान अंसारी ने सभी उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। साथ ही मौसम विभाग से मिलने वाली चेतावनियों के अनुसार तत्काल कदम उठाने और आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य तथा कृषि विभाग के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने का निर्देश दिया।

 

मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों की सुरक्षा और किसानों की फसल को बचाना है। प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय पर तैयारी करके नुकसान को कम किया जा सकता है।

 

उन्होंने राज्य के लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा जरूरत पड़ने पर प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related