हजारीबाग :- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन को लेकर शुक्रवार को गांधी मैदान में हुए छात्र-प्रशासन टकराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने करीब 700 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें करीब 200 लोगों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर तैनात मजिस्ट्रेट के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब पुलिस घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसके आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि भीड़ में किन लोगों की सक्रिय भूमिका थी।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के लिए बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान पहुंचे थे। JPSC-JSSC से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। पुतला दहन से पहले प्रशासन द्वारा छात्रों को हटाने के प्रयास के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना के दौरान झामुमो समर्थकों के मौके पर पहुंचने और छात्रों को खदेड़ने के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच में जुटी है। जांच के बाद गिरफ्तारी समेत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
हजारीबाग की इस घटना के बाद छात्र आंदोलन को लेकर माहौल गरमा गया है। अब पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजर है।


