रांची। देश के कई राज्यों में इन्फ्लूएंजा A (H1N1 और H3N2) के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड का स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राज्य के सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को सतर्क रहने और लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल झारखंड में इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर अस्पतालों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्य में ILI (सर्दी, खांसी, बुखार) और SARI (गंभीर श्वसन संक्रमण) के मरीजों की रोजाना निगरानी की जा रही है।
RIMS और MGM में जांच की सुविधा
इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 की जांच की सुविधा RIMS रांची और MGM जमशेदपुर में उपलब्ध कराई गई है। सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में संभावित मरीजों के इलाज के लिए कम से कम 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है।
अस्पतालों में PPE किट, N95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, VTM किट, जरूरी दवाएं, ऑक्सीजन उपकरण और वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया है। OPD में आने वाले सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
इन लोगों को विशेष सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, 5 साल तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर पुरानी बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। साथ ही बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेने से बचने को कहा गया है।
स्वास्थ्य संबंधी सलाह या सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी के लिए 104 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। लक्षण दिखने पर नजदीकी सदर अस्पताल या सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाने की अपील की गई है।



[…] […]