सरकार की सख्ती के बाद चीनी की एक्स-मिल कीमत में करीब 30% की गिरावट आई है। 18 अगस्त को मिल से निकलते समय चीनी की कीमत करीब 67 रुपये प्रति किलो थी, जो अब घटकर 47 रुपये प्रति किलो रह गई है।
हालांकि, इसका असर अभी खुदरा बाजार में नजर नहीं आ रहा है। दुकानों पर चीनी अब भी 60 रुपये प्रति किलो से ज्यादा में बिक रही है।
बताया जा रहा है कि कई दुकानदारों के पास पुरानी कीमत पर खरीदा हुआ स्टॉक मौजूद है। वे नुकसान से बचने के लिए उस स्टॉक को कम कीमत पर बेचने के बजाय पुरानी कीमत पर ही बेच रहे हैं।
नया स्टॉक कम कीमत पर आने के बाद खुदरा बाजार में भी चीनी के दाम घटने की उम्मीद है। खुदरा कीमतों में बदलाव दिखने में करीब 10 दिन लग सकते हैं।
रविवार को चीनी का औसत खुदरा भाव 64.23 रुपये प्रति किलो, जबकि थोक भाव 59.72 रुपये प्रति किलो था।
यानी मिल में चीनी सस्ती हो गई है, अब नजर खुदरा बाजार पर है कि ग्राहकों को कब राहत मिलती है।


