रांची में छात्रों के आंदोलन को लेकर INDIA गठबंधन के नेताओं ने गुरुवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन आंदोलन की आड़ में माहौल बिगाड़ने और अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई भी जरूरी है।
झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि छात्रों और अराजक तत्वों को एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। आंदोलन में शामिल लोगों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जाए और जो भी कानून तोड़ने में दोषी मिले, उसके खिलाफ कार्रवाई हो।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को आंदोलन से जुड़े वीडियो फुटेज भी सौंपे और 48 घंटे के भीतर अराजक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही निर्दोष छात्रों को परेशान नहीं करने की बात कही।
विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक तत्व छात्र आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के वास्तविक मुद्दों का समाधान जरूरी है, लेकिन कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने भी सीआईडी जांच में तेजी लाने और दोषियों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। गठबंधन नेताओं ने CGL समेत परीक्षा से जुड़े मामलों में पारदर्शी और निर्णायक कार्रवाई पर जोर दिया।
मुख्य मांग: दोषियों की पहचान कर कार्रवाई हो, जबकि निर्दोष छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।


