रांची। JPSC और JSSC में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो फिलहाल सदर अस्पताल, रांची में इलाजरत हैं। इसके बावजूद उन्होंने अस्पताल से ही अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
भूख हड़ताल के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और जरूरी जांच की जा रही है। अस्पताल में बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक उनसे मिलने पहुंच रहे हैं, लेकिन सुरक्षा और चिकित्सकीय कारणों से सभी को मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
देवेन्द्र नाथ महतो ने अस्पताल से जारी अपने खुले पत्र में विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज और पुलिस बल प्रयोग पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने झारखंड सरकार से विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने और अगर कहीं अनावश्यक बल प्रयोग हुआ है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
महतो ने कहा कि उनका शरीर अस्पताल में है, लेकिन छात्रों के न्याय के लिए उनका संकल्प कमजोर नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि झारखंडी छात्रों को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने छात्र-युवा साथियों से संयम बनाए रखने, एकजुट रहने और शांतिपूर्ण तरीके से लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों के न्याय, सम्मान, पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के लिए है।
उन्होंने यह भी कहा कि लाठीचार्ज या बल प्रयोग से छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती और आंदोलन संविधान व लोकतंत्र के दायरे में शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।


