चतरा/लावालौंग। बिजली से वंचित लावालौंग प्रखंड के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। वर्षों से बिजली का इंतजार कर रहे 10 गांवों में अगले दो महीने के अंदर बिजली पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
ग्रामीणों की समस्या को लेकर चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की और गांवों में जल्द बिजली पहुंचाने की मांग रखी।
सांसद ने बताया कि लावालौंग के कई गांव आज भी बिजली जैसी जरूरी सुविधा से दूर हैं। बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं और बच्चों की पढ़ाई में भी परेशानी आती है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव ने विद्युत विभाग के संबंधित मुख्य अभियंता को अगले दो महीने के भीतर चिन्हित गांवों में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जिन गांवों में बिजली पहुंचाने की बात कही गई है, उनमें सौरू, सिलदाग, बनवार, भूषाढ़, साम्भे, मंडवा, टीकदा, कटीलीमईयाँ, मन्धनिया और पासागन शामिल हैं।
सरकार के निर्देश के बाद ग्रामीणों में खुशी और उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आने से बच्चों की पढ़ाई के साथ घरेलू कामकाज, रोजगार और छोटे कारोबार को भी फायदा मिलेगा।
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि बिजली सिर्फ रोशनी के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और विकास के लिए भी जरूरी है। उनका प्रयास है कि चतरा लोकसभा क्षेत्र का कोई भी गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे।


