1.78 लाख से अधिक सरकारी कर्मी दर्ज, स्थापना विभाग के 40,939 मामलों का सत्यापन लंबित
रांची:- झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्ड-निगमों, जिला मुख्यालयों और सरकारी कार्यालयों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के 6,592 कर्मचारी अब भी कार्यरत बताए गए हैं। राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 1,78,445 सरकारी कर्मी दर्ज हैं। वहीं स्थापना विभाग के स्तर पर 40,939 मामलों का सत्यापन लंबित है।
प्रशासनिक व्यवस्था के तहत राज्य में 3,193 स्थापना कार्यालय, 600 स्थापना-प्रभारी, 727 अतिरिक्त प्रभार और 4,737 अधीनस्थ कार्यालय संचालित हैं।
शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा कर्मचारी
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 60 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों की संख्या सबसे अधिक स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में है। यहां ऐसे 2,044 कर्मचारी दर्ज हैं। इसके बाद गृह एवं कारा विभाग में 1,359 और स्वास्थ्य विभाग में 564 कर्मचारी बताए गए हैं।
प्रमुख विभागों का आंकड़ा इस प्रकार है:
– स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग – 2,044
– गृह एवं कारा विभाग – 1,359
– स्वास्थ्य विभाग – 564
– विधि विभाग – 516
– विविध लेखा – 291
– वन एवं पर्यावरण – 256
– पथ निर्माण विभाग – 160
– कार्मिक विभाग – 160
– राजस्व प्रभाग – 85
– पशुपालन प्रभाग – 85
– एसटी/एससी/अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण – 80
– कृषि प्रभाग – 70
– महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा – 66
– ग्रामीण कार्य प्रभाग – 58
– जल संसाधन विभाग – 47
– श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास – 47
– उद्योग विभाग – 40
– उच्च एवं तकनीकी शिक्षा – 39
जिला मुख्यालयों में भी 60 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारी
जिला मुख्यालयों के आंकड़ों में धनबाद डीसी कार्यालय में 60 वर्ष से अधिक उम्र के 32 कर्मचारी दर्ज हैं। गुमला में 31, रांची और दुमका में 21-21 तथा जामताड़ा और पश्चिमी सिंहभूम में 16-16 कर्मचारी बताए गए हैं।
अन्य जिलों का आंकड़ा:
सरायकेला-खरसावां – 14
– गिरिडीह – 13
– गोड्डा – 11
– रामगढ़ – 9
– हजारीबाग – 8
– बोकारो – 6
– सिमडेगा – 6
– चतरा – 5
– लोहरदगा – 5
– पाकुड़ – 5
– देवघर, गढ़वा, खूंटी और लातेहार – 4-4
– पूर्वी सिंहभूम और कोडरमा – 2-2
विधानसभा और सचिवालयों में भी दर्ज हैं ऐसे कर्मचारी
उपलब्ध आंकड़ों में झारखंड विधानसभा सचिवालय में 21, मुख्य सचिव कार्यालय में 5, SKIPA में 4, राज्यपाल सचिवालय में 1, JPSC में 1, JSSC में 1 और लोकायुक्त कार्यालय में 1 कर्मचारी 60 वर्ष से अधिक उम्र के बताए गए हैं।
सत्यापन के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
आंकड़ों के सामने आने के बाद सरकारी कर्मचारियों की सेवा अवधि और रिकॉर्ड सत्यापन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, किसी कर्मचारी की सेवा 60 वर्ष की उम्र के बाद जारी रहने के पीछे सेवा नियम, वैध सेवा विस्तार या अन्य प्रशासनिक प्रावधान लागू हैं या नहीं, यह संबंधित विभागों के रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल उपलब्ध आंकड़े केवल विभिन्न विभागों और कार्यालयों में दर्ज कर्मचारियों की स्थिति को दर्शाते हैं। इन कर्मचारियों की सेवा जारी रहने की वजह या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि केवल संबंधित आधिकारिक रिकॉर्ड और विभागीय जांच के आधार पर ही की जा सकती है।


