इरफान अंसारी का ऐलान, भाजपा के खिलाफ बनेगी ‘वानर सेना’, बोले- मैं इरफान अंसारी नहीं, इरफान हाड़ी हूं

Date:

जामताड़ा: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा के खिलाफ राजनीतिक हमला बोलते हुए ‘वानर सेना’ बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नफरत और राजनीतिक हथकंडों का जवाब देने के लिए वानर सेना तैयार रहेगी। अपने अंदाज में उन्होंने कहा, “मैं इरफान अंसारी नहीं, इरफान हाड़ी हूं। भाजपा का जहर रोकने के लिए मैंने वानर सेना का गठन किया है।”

दरअसल, सोमवार को जामताड़ा जिले के मिहिजाम में मां काली पूजा के अवसर पर आयोजित पूजा पंडाल के उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां काली की पूजा-अर्चना की और पंडाल का उद्घाटन किया। इस दौरान स्थानीय लोगों, बजरंग क्लब वानर सेना और पूजा कमिटी के सदस्यों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

 

गरीबों और शोषितों को अधिकार दिलाना राजनीतिक संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य सत्ता और पद हासिल करना नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और शोषित समाज को उनका अधिकार और सम्मान दिलाना है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनकी राजनीति का असली मकसद है।

मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने पिछले 14 वर्षों में गरीबों और शोषित वर्गों को केवल वोट के लिए इस्तेमाल किया है। उनके अनुसार, भाजपा की राजनीति जनता को बांटने और असली मुद्दों से ध्यान हटाने पर केंद्रित रही है।

SIR प्रक्रिया को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना

स्वास्थ्य मंत्री ने SIR प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के कारण गरीब, मजदूर और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम नागरिकों को वोटर लिस्ट में अपना नाम सुरक्षित रखने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

उन्होंने राहुल गांधी की ओर से उठाए गए कथित वोट चोरी के मुद्दे का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। किसी भी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

डॉ. अंसारी ने लोगों से अपील की कि वे SIR फॉर्म भरने में लापरवाही न करें। अगर किसी का नाम मतदाता सूची से हटाया जाता है या उसे किसी तरह की परेशानी होती है, तो इसकी जानकारी उन्हें दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।

हनुमान जी की सेवा भावना से प्रेरित होगी वानर सेना

वानर सेना के गठन को लेकर मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य समाज में एकता बनाए रखना, गरीबों की मदद करना और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि हनुमान जी की सेवा भावना, साहस और समर्पण से प्रेरणा लेकर समाज को जोड़ने का काम किया जाएगा। हमारी राजनीति नफरत की नहीं, बल्कि इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक न्याय की राजनीति है।

जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज और रोजगार को लेकर कही बात

जामताड़ा के विकास पर बात करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की सौगात देना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने दावा किया कि मेडिकल कॉलेज के माध्यम से 3,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि जामताड़ा के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलें, ताकि उन्हें दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत न पड़े।

मिहिजाम की जनता से बताया पारिवारिक रिश्ता

मंत्री ने कहा कि मिहिजाम और जामताड़ा की जनता से उनका पुराना पारिवारिक रिश्ता है। उनके पिता फुरकान अंसारी सात बार विधायक रहे और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें हमेशा प्यार दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता की सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

डॉ. अंसारी ने मां काली पूजा के अवसर पर क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में अधिवक्ता निशपति हंसदा, पूजा कमिटी के सदस्य, हाड़ी समाज के प्रतिनिधि, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, पूर्व अध्यक्ष प्रभु मंडल, कपिल यादव, साबू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related