रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में सीआईडी की टीम ने सोमवार को राज्य के 15 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई रांची, पलामू, देवघर, धनबाद, गोड्डा और रामगढ़ सहित कई जिलों में की गई।
सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के दो आरोपितों संतोष कुमार सिंह और रविशंकर कुमार के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान लैपटॉप, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, महत्वपूर्ण दस्तावेज और जांच से जुड़े कई साक्ष्य जब्त किए गए।
जांच टीम ने संतोष कुमार सिंह के मेदिनीनगर के हमीदगंज स्थित बीएन कॉलेज के पास वाले आवास और नौडीहा बाजार स्थित पैतृक घर की भी तलाशी ली। वहीं, रविशंकर कुमार के मेदिनीनगर के बारालोटा स्थित आवास पर भी छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की गई।
सीआईडी के अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर सीआईडी लगातार जांच कर रही है और इस मामले में पहले भी कई लोगों से पूछताछ तथा छापेमारी की कार्रवाई की जा चुकी है।

