रांची:- जन्माष्टमी को लेकर रांची के बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कान्हा के जन्मोत्सव की तैयारी में भक्त लड्डू गोपाल की सजावट और पूजा से जुड़ी चीजों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
इस बार बाजार में पारंपरिक सामानों के साथ-साथ लड्डू गोपाल के लिए कई आधुनिक चीजें भी उपलब्ध हैं। छोटे-छोटे टीवी, फ्रिज, मोबाइल और एसी तक दुकानों में सजाए गए हैं। भक्त अपनी पसंद और बजट के हिसाब से इन सामानों की खरीदारी कर रहे हैं।
बाजार में 5 रुपये से शुरू होने वाले मुकुट और सजावटी सामान से लेकर करीब 15 हजार रुपये तक की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। कपड़े, झूले, बांसुरी, मुकुट और पूजा-सामग्री की भी खूब मांग है।
जन्माष्टमी नजदीक आते ही बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। दुकानदारों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है।


