रांची: झारखंड के 25वें स्थापना दिवस का मुख्य समारोह अब 15 नवंबर की जगह 28 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इस बार रांची में सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दरअसल, 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस और छठ महापर्व एक ही दिन पड़ने के कारण सरकार ने मुख्य समारोह की तारीख बदलने का फैसला लिया है।
17 से 27 नवंबर तक जिलों में होंगे कार्यक्रम
सरकार के निर्देश के अनुसार, 17 नवंबर से 27 नवंबर तक राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में स्थापना दिवस पखवारा मनाया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा संबंधित जिलों के वरीय अधिकारी तय करेंगे।
16 नवंबर को होगा ‘रन फॉर क्लीननेस’
स्थापना दिवस कार्यक्रमों से पहले 16 नवंबर को सुबह 8 बजे सभी जिला मुख्यालयों में ‘रन फॉर क्लीननेस’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए स्थान और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित उपायुक्तों को दी गई है।
28 नवंबर को रांची में होगा मुख्य समारोह
स्थापना दिवस पखवारा समाप्त होने के बाद 28 नवंबर को रांची में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बार 15 नवंबर को सरकार की ओर से बड़े स्तर पर मुख्य समारोह और शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
इस तरह झारखंड के 25वें स्थापना दिवस का मुख्य आयोजन अब 28 नवंबर को होगा, जबकि 17 से 27 नवंबर तक पूरे राज्य में अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए स्थापना दिवस मनाया जाएगा।


