रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में कथित धांधली के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर अभय तिवारी, श्वेता गुप्ता समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
CID ने बताया कि 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर दर्ज मामले की जांच लगातार जारी है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर इन लोगों की गिरफ्तारी की गई है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी किस स्तर पर हुई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
गौरतलब है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड लोक सेवा आयोग ने 14वीं संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य परीक्षा 2025 को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। वहीं, CID पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
इस मामले को लेकर अभ्यर्थियों और विभिन्न छात्र संगठनों ने पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की नजर CID की आगे की जांच और संभावित अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Date:

