रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, घाटी से गुजर रहे एक ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। बेकाबू ट्रेलर ने आगे चल रही महिला डॉक्टर की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार दो ट्रेलरों के बीच बुरी तरह फंस गई।
हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार महिला डॉक्टर व चालक करीब डेढ़ घंटे तक अंदर फंसे रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने के बाद ट्रेलर ने पहले कार और फिर दूसरे ट्रेलर को टक्कर मारी, जिसके बाद वह खुद भी पलट गया। हादसे के कारण चुटूपालू घाटी में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


