
रांची: JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 14 दिनों से छात्र आंदोलन जारी है। इसी आंदोलन के तहत आमरण अनशन पर बैठे पलामू के छात्र राहुल क्रांति की तबीयत चौथे दिन बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राहुल क्रांति के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक राज सिन्हा और प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव अस्पताल पहुंचे। नेताओं ने राहुल क्रांति से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनका हौसला बढ़ाया।
मुलाकात के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के न्यायपूर्ण संघर्ष में पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक छात्र की नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने छात्रों की मांगों पर जल्द समाधान निकालने की आवश्यकता भी जताई।


