स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रांची में सुरक्षा कड़ी, मोरहाबादी मैदान में ड्रोन पर रोक
रांची: स्वतंत्रता दिवस 2026 के राजकीय समारोह को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे। समारोह के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर गुरुवार को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े जरूरी निर्देश दिए।
प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थल की पूरी जानकारी रखने और निर्धारित समय से पहले पहुंचने का निर्देश दिया है। साथ ही मुख्यमंत्री सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया है।
आगंतुकों की होगी सुरक्षा जांच
एसएसपी राकेश रंजन ने समारोह में आने वाले सभी लोगों की निर्धारित मानकों के अनुसार जांच कराने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि कोई अवांछित व्यक्ति या आपत्तिजनक सामग्री समारोह स्थल तक नहीं पहुंच सके।
ड्रोन से वीडियोग्राफी पर रोक
सुरक्षा के मद्देनजर मोरहाबादी मैदान में समारोह के दौरान निजी ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन के अनुसार केवल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन से ही समारोह की तस्वीरें और वीडियो बनाए जाएंगे।
ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान
पुलिस अधीक्षक यातायात ने निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।


